ढांड। बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय कौल में कॅरिअर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ व अर्थशास्त्र विभाग की ओर से चार दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका मुख्य विषय अर्थशास्त्र के क्षेत्र में अग्रणी महिलाएं एवं कॅरिअर मार्गदर्शन रहा। इस दौरान छात्राओं को कॅरिअर और चुनौतियों का समाधान करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस कार्यशाला का आयोजन अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संघ द्वारा वित्तपोषित परियोजना के तहत डाॅ. आकांक्षा (दिल्ली विश्वविद्यालय) और डॉ. भारती (आईजीआईडीआर) के नेतृत्व में किया गया। प्राचार्य ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य देश में महिलाओं का अर्थशास्त्र के क्षेत्र में कॅरिअर मार्गदर्शन, चुनौतियों का समाधान करना और उनके कल्याण को बढ़ावा देना है। मेघा सहायक शोधकर्ता ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों में वृद्धि करनी होगी और लैंगिक अंतर को कम करना होगा।
आईएएस अधिकारी अंजना तंवर ने बताया कि आमतौर पर ग्रामीण भारत की महिलाएं चुनौतियों के दो व्यापक स्तरों पर जूझती हैं। पहला आत्मविश्वास की कमी और दूसरा धारणाओं से लड़ने का दबाव लेकिन जीविकोपार्जन के अवसर प्रदान करने वाली योजनाओं के जरिये इन दबावों से अच्छी तरह निपटा जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डाॅ. ऋषिपाल ने की।