संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत सोमवार को कैथल शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ भी दिलाई गई।
जागरूकता टीम में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, एसपीओ राजपाल व एसपीओ प्रदीप कुमार शामिल रहे। टीम ने कुतुबपुर नर्सिंग कॉलेज सहित शहर के अन्य स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों व आम नागरिकों से संवाद किया और नशे से दूर रहने की अपील की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप बन चुका है, जिसने न जाने कितने परिवारों को बर्बाद कर दिया है। हर वर्ष हजारों युवा नशे की लत के कारण अपनी जान गंवा बैठते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में युवाओं को चाहिए कि वे शिक्षा और खेल में मेहनत कर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन करें। नशे से दूर रहना बेहतर भविष्य बनाना है।
उन्होंने बताया कि नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस लगातार ठोस कदम उठा रही है, लेकिन इसमें आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी करता है, तो उसकी सूचना पुलिस को बेझिझक दें। सूचना देने वाले का नाम पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि नशे की चपेट में आए लोगों को उपचार के जरिए मुख्यधारा में वापस लाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे अभियान तभी सफल होंगे, जब हर नागरिक इसमें सक्रिय भूमिका निभाएगा।