राजौंद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कसान में शुक्रवार को जिला स्तरीय युवा ग्राम पंचायत प्रतियोगिता हुई। इसमें 9वीं और 11वीं के 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत की बैठक का स्वरूप तैयार कर विभिन्न सामाजिक और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। इनमें नशे की समस्या, स्कूल में खेल मैदान की कमी, सफाई व्यवस्था, तथा गांव के तालाब की चारदीवारी की मरम्मत जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
छात्रा किरण ने सरपंच और तमन्ना ग्राम सचिव की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने विषयों पर तार्किक बहस प्रस्तुत करते हुए ग्रामीण विकास से जुड़े समाधान भी सुझाए। जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान कैथल से आए विशेषज्ञों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, सामाजिक जागरूकता, समालोचनात्मक चिंतन और समस्या समाधान कौशल को विकसित करना है। निर्णायक मंडल में राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार और रतन कुमार शामिल रहे। डाइट, जिला संसाधन इकाई प्रभारी डॉ. राजकुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व और संवाद कौशल को मजबूत करते हैं और उन्हें वास्तविक जीवन की स्थितियों को समझने में मदद करते हैं। संवाद