कैथल। जिले के स्कूली विद्यार्थियों को हरियाणवी संस्कृति के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ प्रदेश के सामान्य ज्ञान से रूबरू करवाया जाएगा। जिले में सभी स्कूलों को भेजे गए अपने विशेष आदेशों में जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र सिंह नरवाल ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान समय के सदुपयोग व विद्यार्थियों को स्कूली विषयों के साथ-साथ प्रदेश के सामान्य ज्ञान की शिक्षा प्रदान करने के लिए थ्री एस कार्यक्रम के तहत हरियाणा सामान्य ज्ञान को भी विशेष महत्व दे। उन्होंने अध्यापकों से कहा है कि कक्षा चार से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थियों को हर रोज उनके ऑनलाइन व्हाट्सएप ग्रुपों में कुछ न कुछ ऐसी सामग्री भी प्रेषित की जाए, जिससे कि उनका अपने प्रदेश को लेकर ज्ञानवर्धन हो सके। वो अपने प्रदेश के गौरवशाली इतिहास से रूबरू हो सकें। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेशों में अध्यापकों से विद्यार्थियों को हरियाणा प्रदेश की भौगोलिक संरचना, वेशभूषा, आभूषण, लोक नृत्यों, हरियाणा में मूर्तिकला, प्रमुख लोकगीत, लोक वाद्य यंत्र, हरियाणा के लोक नाट्य, प्रमुख सांगी एवं उनकी रचनाओं, प्रदेश में उपलब्ध मिट्टी के प्रकार, कृषि व पशुपालन, सिंचाई व्यवस्था, उत्पादन में जिलावार स्थिति, बागवानी, प्रमुख फल, सब्जियां, मसालों व फूलों एवं उनके उत्पादन क्षेत्रों से संबंधित जानकारियों में से उपलब्ध जानकारी विद्यार्थियों को नियमित अंतराल में आनलाइन या ऑफलाइन उपलब्ध करवाने के लिए कहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी बिजेन्द्र सिंह नरवाल के अनुसार विभिन्न माध्यमों से स्टे एट होम, स्कूल एड होम एवं स्टडी एट होम मंत्र को थ्री एस के नाम से जाना जाता है। जिसके तहत विद्यार्थियों को उनके घरों में ही विभिन्न माध्यमों से शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों को एजुसेट व दूसरे माध्यमों से ई शिक्षा प्रदान की जा रही है।