संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। पिहोवा रोड पर हुई दुर्घटना में छात्र हिमांशु व पारस बाल-बाल बचे गए। चर्चाओं के मुताबिक, स्कूली बच्चों की आपसी लड़ाई में बाइक मेंं विरोधियों ने डंडा मार दिया था। इससे गाड़ी असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। समाचार लिखे जाने तक एक की हालत गंभीर बताई जा रही थी।
आरोप है कि कुछ अन्य छात्रों ने बाइक पर जा रहे छात्रों हिमांशु व पारस को डंडा मारा, इसके चलते उनका संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक सामने से आ रहे एक कैंटर से टकराने के बाद
उसके नीचे ही घुस गई। बस गनीमत यह रही कि दोनों बच्चे उछलकर
दूसरी तरफ जा गिरे, इसके चलते उन्हें चोट तो लगी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। अन्यथा जिस प्रकार से बाइक कैंटर में जा घुसा था, तो यह जानलेवा भी हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बच्चे यहां के डीएवी स्कूल में पढ़ते थे। नतीजतन लोगों ने जहां स्कूल प्रिंसिपल को घटना की सूचना दी, वहीं उन्हें उठाकर यहां के सनातन धर्म महावीर दल अस्पताल ले जाया, लेकिन वहां डाॅक्टरों ने उन्हें गुहला के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों बच्चों का इलाज चल रहा है, परंतु एक छात्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटियाला रेफर किया है।