कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की गणित की परीक्षा वीरवार को जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। हालांकि, परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों के चेहरों पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। जहां एक ओर पूरा प्रश्नपत्र सिलेबस के भीतर से था, वहीं बहुविकल्पीय प्रश्नों ने छात्रों का काफी समय लिया, जिससे अंत में समय की कमी महसूस की गई। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते छात्रों ने बताया कि इस बार गणित का पेपर थोड़ा चुनौतीपूर्ण था।
विशेषकर एक-एक अंक वाले बहुविकल्पीय प्रश्नों ने छात्रों को काफी उलझाया। परीक्षार्थियों का कहना था कि ये प्रश्न सीधे फॉर्मूले पर आधारित होने के बजाय वैचारिक थे, जिन्हें हल करने के लिए काफी गहराई से सोचना पड़ा। शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले में कुल 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच छात्रों ने परीक्षा दी। परीक्षा में 14113 में से 14066 पहुंचे और 47 अनुपस्थित रहे।
ये बोले छात्र
- बहुविकल्पीय प्रश्नों को हल करने में उम्मीद से अधिक समय लगा, जिसके कारण बड़े अंकों वाले प्रश्नों के लिए अंत में समय कम बचा।
- कई प्रश्न ऐसे थे जिनमें रफ कार्य और लंबी गणना की आवश्यकता थी, जिससे छात्रों को सोच-सोच कर उत्तर देना पड़ा।
- शुरुआती उलझन के बावजूद, अधिकांश छात्रों ने माना कि बाकी का पेपर औसत था और कुल मिलाकर परिणाम अच्छा रहने की उम्मीद है।
- छात्रा अंजलि ने बताया कि गणित के परीक्षा पेपर में बहुविकल्पीय प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लग गया जिसके कारण लंबे और जटिल प्रश्नों के लिए समय थोड़ा कम रह गया। बाकी पेपर अच्छा था।
- छात्रा स्नेहा ने बताया कि गणित के बहुविकल्पीय प्रश्नों में अधिक समय लगने के कारण वे उलझे। इन प्रश्नों को समझने और हल करने में समय ज्यादा गया। समय प्रबंधन की समस्या के कारण सभी प्रश्नों को सही ढंग से हल करना चुनौतीपूर्ण रहा
- जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि जिले में पेपर लीक होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है और न ही कोई पेपर नकल का मामला सामने आया है।
स्नेहा
स्नेहा