संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मिशन एडमिशन के तहत कॉलेजों में पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में दाखिला फीस जमा करवाई। दाखिला प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए शहर के सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। आरकेएसडी कॉलेज, आईजी महिला कॉलेज और जाट कॉलेज में सभागारों में हेल्प डेस्क लगाकर विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को आवश्यक जानकारी दी जा रही है।
इसी कड़ी में आरकेएसडी पीजी कॉलेज में दो दिन में स्नातक कक्षाओं में कुल 354 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इनमें 185 छात्र और 169 छात्राएं शामिल हैं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सत्यवीर मेहला ने बताया कि विद्यार्थियों के उत्साह और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार को भी एडमिशन विंडो खुली रहेंगी और पूरा स्टाफ सभागार में उपस्थित रहेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार, 30 जून प्रथम मेरिट सूची के अभ्यर्थियों के लिए फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि रहेगी।