संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान कैथल में सोमवार को इंस्पायर मानक अवार्ड 2024-25 नॉमिनेशन के लिए कार्यशाला आयोजित की। इसमें जानकारी दी गई कि आइडिया हो तो विद्यार्थी जीत सकते हैं पुरस्कार। इस कार्यशाला में पूरे जिले के विज्ञान व गणित के शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यशाला का संचालन जिले के जिला विज्ञान विशेषज्ञ अनिल तंवर ने किया। गौरतलब है कि इंस्पायर मानक अवार्ड रजिस्ट्रेशन हेतु कक्षा छठी से 10वीं के विद्यार्थी इंस्पायर मानक अवार्ड पोर्टल पर जाकर आइडिया सबमिट कर सकते हैं
इस कार्यशाला में आए सभी शिक्षकों को को इंस्पायर मानक अवार्ड से संबंधित नियम व शर्तों के बारे में अवगत करवाया। इस कार्यक्रम में जिला विज्ञान विशेषज्ञ अनिल तंवर ने शिक्षकों को बताया कि इंस्पायर मानक अवार्ड के लिए नॉमिनेशन का कार्य प्रगति पर है जिसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर 2024 है। इस कार्यक्रम के लिए पहले 100000 आइडिया को चुना जाता है।
इनमें जिस विद्यार्थी के आइडिया चुना जाता है उसके खाते में 10000 रुपये की राशि मॉडल अथवा प्रोजेक्ट बनाने के लिए भेजी जाती है। इसके बाद विद्यार्थी जिला स्तर पर प्रदर्शनी में भाग लेते हैं, जिसमें से 10000 आइडिया को चुना जाता है व इन 10000 आइडिया में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। जिसमें से 1000 आइडिया को चुना जाता है। वह इन 1000 आइडिया में से 60 आइडिया को नेशनल लेवल पर ख्याति प्राप्त होती है। विजेताओं को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाता है।
इस मौके पर सभी शिक्षकों के प्रश्न उत्तरों का जवाब दिया गया व सभी शिक्षकों को हर विद्यालय से पांच प्रोजेक्ट रजिस्ट्रेशन करने का लक्ष्य दिया।
वर्तमान में एससीईआरटी गुरुग्राम की ओर से जारी सूची अनुसार इंस्पायर मानक रजिस्ट्रेशन हेतु पूरे राज्य में कैथल का दूसरा स्थान है। इस मौके पर जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान के असिस्टेंट प्रोफेसर गुरनाम सिंह संचालन के लिए मौजूद रहे।