संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मिशन एडमिशन के तहत कॉलेजों में ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले लिए मंगलवार को अंतिम दिन रहेगा। इसके बाद दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थी अपना दाखिला नहीं करवा पाएंगे। इस दौरान उनके पास केवल आईटीआई में दाखिला लेने का विकल्प खुला रहेगा।
गौरतलब है कि इस समय जिलेभर के कई कॉलेजों में सीटें अभी भी खाली हैं। जिसमें दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों को मौके मिल सकता है। वहीं, आईटीआई में भी मंगलवार को चौथी और अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी। अंतिम मेरिट सूची अनुसार दाखिले के लिए आईटीआई में दो सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मिशन एडमिशन के तहत कॉलेजों में ओपन काउंसलिंग 25 जुलाई को ही शुरू हो गई थी। इसके बाद लगातार दाखिले की प्रक्रिया जारी है। अब मंगलवार को ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिले लिए अंतिम दिन रहेगा। इसलिए वे दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों से आग्रह करते हैं कि वे मंगलवार को कॉलेज में पहुंचकर अपना दाखिला जरूर करवा लें। क्योंकि इसके बाद यूजी की कक्षाओं में दाखिला बिल्कुल भी नहीं होगा। -राजेश सैनी, जिला नोडल अधिकारी, उच्चतर शिक्षा विभाग