कैथल। स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पोर्टल एक बार फिर खोल दिया है। अब विद्यार्थी 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर दाखिला ले सकेंगे। खास बात यह है कि जिन कॉलेजों में सीटें खाली हैं, वहां विद्यार्थी आवेदन के बाद दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। विभाग के इस फैसले से विद्यार्थियों के साथ-साथ कॉलेजों को भी राहत मिली है। जिलेभर के विभिन्न कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों की करीब 10 हजार सीटें हैं। दाखिला प्रक्रिया के कई चरण पूरे होने के बावजूद अभी भी अलग-अलग कॉलेजों में करीब 20 से 40 प्रतिशत सीटें खाली पड़ी हैं। कई कॉलेजों में कुछ पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम है। ऐसे में इन पाठ्यक्रमों के संचालन को लेकर भी कॉलेज प्रबंधन के सामने स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। अब पोर्टल दोबारा खुलने से खाली सीटों पर दाखिले होने की उम्मीद जगी है।
उच्चतर शिक्षा विभाग के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मनोज भांबू ने बताया कि जिले के कॉलेजों में अभी भी काफी सीटें खाली थीं। ऐसे में विभाग की ओर से दाखिले के लिए पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला विद्यार्थियों और कॉलेजों दोनों के हित में है। उन्होंने कहा कि इससे खाली सीटों को भरने में मदद मिलेगी और जो विद्यार्थी किसी कारणवश पहले दाखिला नहीं ले सके, उन्हें भी स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने का अवसर मिल सकेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे दाखिले के इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। कॉलेजों में खाली सीटें भरने से न केवल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा, बल्कि कम दाखिलों वाले पाठ्यक्रमों के संचालन को लेकर कॉलेजों की स्थिति भी बेहतर हो सकेगी।