कैथल। शिक्षा विभाग की ओर से जिला परियोजना संयोजक कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय कौशल प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें जिलेभर से 78 सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और विद्यार्थियों की टीमों ने भाग लिया। कक्षा नौंवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विज्ञान और कौशल से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए। शिक्षकों ने व्यक्तिगत तौर पर मॉडल बनाकर प्रस्तुत किए, जबकि विद्यार्थियों की टीमों में प्रत्येक मॉडल बनाने के लिए चार विद्यार्थी शामिल होने की अनुमति रही।
मॉडलों का निरीक्षण करने के बाद समग्र शिक्षा अभियान के सहायक परियोजना अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि करीब 500 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ये मॉडल बनाए हैं। इनमें से मॉडलों को राज्य स्तर की स्पर्धा के लिए चुना गया है। चयनित विद्यार्थी और शिक्षक नौ दिसंबर को कुरुक्षेत्र में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि विभाग ने बच्चों में कौशल विकास के लिए यह प्रतियोगिता करवाई है।
ये मॉडल हुए चयनित -
- ट्रेवल एंड टूरिज्म संबंधित कौशल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल के विद्यार्थी केशव व अभिषेक और कलायत के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक संजय के मॉडल को प्रथम स्थान मिला।
- ब्यूटी एंड वेलनेस में गुहणा स्कूल से अंकिता, माफी, कशिश व निकी और इसी स्कूल की अध्यापिका सुमेश देवी विजेता रहे।
- निजी सुरक्षा संबंधित मॉडल में सरकारी स्कूल गुहला से तानिया, नूरप्रीत, हर्ष व दीपक और शिक्षक मलकीत विजेता रहे।
- कृषि संबंधित मॉडल में राजकीय स्कूल कुराड़ से पायल व मकीना और शिक्षक प्रदीप विजयी रहे।
- ऑटोमोटिव में राजकीय स्कूल कुराड़ के विद्यार्थी अदित्य, राम, सियाराम व मॉडल संस्कृति स्कूल चीका के शिक्षक संदीप प्रथम रहे।
- बैंक व इंश्योरेंस संबंधित विषय में राजकीय स्कूल किठाना से अंकुश, रेनू, मंजू व अध्यापिका रीनू अव्वल रहे।
- घर का फर्नीचर बनाने संबंधित मॉडल में राजकीय स्कूल सांघन से मुस्कान, नेंसी, पल्लवी, नेहा व जाखौली अड्डा कन्या स्कूल से अध्यापिका गरिमा गोयल जीतीं।
- शारीरिक शिक्षा संबंधित मॉडल में आरोही मॉडल स्कूल ग्योंग से आर्यन, हीरानाथ, अभिषेक, अंकित व गगड़पुर स्कूल से अध्यापक सुशील विजेता बने।
- आईटी क्षेत्र से संबंधित मॉडल में राजकीय स्कूल टयोंठा से पवन, मुस्कान, संजना और पीडल स्कूल से शिक्षक मुकेश प्रथम रहे।
- रिटेल सेक्टर के मॉडल में राजकीय स्कूल पाडला से वंश, कुलदीप, आकाश व शिक्षक अमन अव्वल रहे।