संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चंदाना गेट स्थित सैनी सोसायटी की ओर से संचालित सैनी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को पहली बार वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में पहली बार अभिभावकों को भी आमंत्रित किया। करीब 60 मुकाबलों में 400 से अधिक खिलाडि़यों ने भाग लिया। वहीं, रस्सा कसी में अध्यापकों व अभिभावकों ने भी हाथ आजमाए।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्याम लाल सैनी को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया। मुख्य अतिथि बनें श्याम लाल सैनी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों ने दौड़, तीन टंगड़ी दौड़, नींबू रेस, रस्सा-कसी जैसे खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लिया। विजेता बच्चों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि श्याम लाल ने कहा कि आज खेलों में भी बच्चे अपना भविष्य संवार सकते हैं। इसीलिए खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। कहा कि वे स्कूल प्रबंधक समिति के भी आभारी हैं, जिन्होंने उन जैसे आम आदमी को मुख्य अतिथि बनाकर सम्मान दिया। स्कूल प्रबंधक समिति के प्रधान प्रो. सीबी सैनी ने कहा कि खेल का बच्चों के जीवन में अहम स्थान होता है। हर साल ऐसे मुकाबले करवाए जाएंगे। कहा कि इस आयोजन में अभिभावकों को भी आमंत्रित किया है, ताकि वे देख सकें कि स्कूल में बच्चे किस तरह से अपनी प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं। कहा कि अगले साल तक प्रयास रहेगा कि जमीन खरीदी जाए। जहां खेल का मैदान बनाया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधक समिति के अध्यक्ष प्रो. सीबी सैनी ने की। इस अवसर पर उप-प्रधान संजीव सैनी, महासचिव राजेश सैनी, सह सचिव दिनेश सैनी, कोषाध्यक्ष हरीश सैनी, प्रबंधक लालचंद सैनी, प्रधानाचार्य गुरचरण सिंह भुल्लर, पूर्व प्रधान बीरभान सैनी, मैनेजर लालचंद सैनी, पार्षद राज सैनी, मास्टर राजेंद्र सैनी आदि मौजूद थे।