संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला बार एसोसिएशन जींद के आह्वान पर डीएसपी की ओर से किए दुर्व्यवहार के विरोध में अधिवक्ताओं ने मंगलवार को भी हड़ताल जारी रखी। दूसरे दिन भी अधिवक्ता अदालतों में पेश नहीं हुए और न ही अदालत का कोई काम किया।
अधिवक्ताओं की हड़ताल से बाहर से आने वाले मुवक्किल परेशान होते रहे। हालांकि जिला बार एसोसिएशन की ओर से हर अदालत में एक-एक प्रॉक्सी काउंसिलनियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने केसों में केवल तारीख ही ली।
गौरतलब है कि हड़ताल के चलते नौ सितंबर तक सभी नोटरी पब्लिक और ओथ कमीश्नरों को हिदायत दी गई थी कि वे कोई भी शपथ पत्र या दस्तावेज अटेस्ट नहीं करेंगे, लेकिन मंगलवार से इन निर्देश में यह बदलाव किया नोटरी पब्लिक और ओथ कमीश्नर केवल चुनाव में नामांकन भरने वाले उम्मीदवारों के दस्तावेज या शपथ पत्र अटेस्ट कर सकते हैं। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बलजिंद्र सिंह मलिक ने कहा कि कैथल के सभी अधिवक्ता तन, मन, धन से जींद के अधिवक्ताओं के साथ हैं। मलिक ने कहा कि जब तक जींद के वकील चाहेंगे हम कैथल में हड़ताल जारी रखेंगे।
उन्होंने बताया कि कैथल की अदालतों में 11 सितंबर को भी हड़ताल रहेगी। अधिवक्ताओं की मांग है कि पुलिस विभाग या राज्य सरकार डीएसपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करे वरना हड़ताल चलती रहेगी। मलिक ने बताया कि डीएसपी गीने जिला बार एसोसिएशन जींद के प्रधान राकेश मलिक व कुछ अन्य वकीलों के साथ बदसलूकी की। अधिवक्ता उनके पास किसी शिकायत के मामले में गए थे। डीएसपी के इस व्यवहार से अधिवक्ताओं में भारी रोष है।