संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को डीसी प्रीति ने आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं की दुकानों पर नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि स्कूल-कॉलेजों में लगाए गए शिकायत बॉक्स की नियमित जांच की जाए। बच्चों को जागरूक किया जाए कि वे अपने आसपास हो रही नशे की बिक्री की सूचना इन बॉक्स में डाल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम व बीडीपीओ इस पर विशेष ध्यान दें और आशा वर्कर, ग्राम सचिव, पटवारी सहित जमीनी स्तर से सूचनाएं जुटाएं। उन्होंने कहा कि एनकॉर्ड की बैठकों में दिए गए निर्देशों का अनुपालन हर हाल में हो, लापरवाही पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने दवाओं की दुकानों पर नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को कहा कि एमटीपी किट मिलने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई को लेकर विभाग मुख्यालय से मार्गदर्शन लें। पुलिस अधिकारी व औषधि नियंत्रक सुनिश्चित करें कि पकड़े गए मामलों में उत्पादन केंद्र तक पहुंच बनाई जाए।
इस मौके पर औषधि नियंत्रक ने बताया कि इस माह 54 दुकानों पर छापेमारी की गई। डीसी ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में यदि आरोपी बरी हो जाते हैं तो अपील दायर की जाए।
उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और बच्चों की काउंसलिंग की जाए। प्रत्येक कॉलेज में एक नोडल अध्यापक नियुक्त कर मासिक रिपोर्ट ली जाए। ग्राम सभाओं के माध्यम से भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। गुहला क्षेत्र में मनोचिकित्सक की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। साथ ही एसडीएम को नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और मरीजों के डाटा पर नजर रखने को कहा गया। इस अवसर पर एसपी आस्था मोदी के साथ ही डीएमसी कपिल कुमार, एसडीएम अजय सिंह, अजय हुड्डा, शुगर मिल एमडी कृष्ण कुमार, ईओ एचएसवीपी वकील अहमद, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. रेणु चावला, डीएसपी बीरभान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सार्वजनिक जगहों पर भांग के पौधे नष्ट करवाएं
डीसी प्रीति ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बारिश के बाद तेजी से उगने वाले भांग जैसे पौधों को तुरंत उखाड़ा जाए। लोक निर्माण, मार्केटिंग बोर्ड, एनएचएआई, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सुनिश्चित करें कि किसी भी सरकारी या सार्वजनिक परिसर में ऐसे पौधे न खड़े हों।
नशे पर रोक के लिए डेटा मैकेनिज्म जरूरी ः एसपी
एसपी आस्था मोदी ने कहा कि नशे पर रोक के लिए पुलिस और प्रशासनिक विभागों के बीच तालमेल जरूरी है। जमीनी स्तर के कर्मचारी समय पर सूचनाएं साझा करें। जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस भी सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने पंजाब से आने वाले नशे के मरीजों को लेकर नशा मुक्ति केंद्रों में उपयुक्त डाटा मैकेनिज्म विकसित करने के निर्देश दिए।