संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एनएसएस और एनसीसी के अनुभवी एवं राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता प्रधानाचार्य सुदर्शन शर्मा ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में कठोर अनुशासन अपनाने और जीवन के लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए उसे प्राप्त करने की प्रेरणा दी।
गौरतलब है कि विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के तहत छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। कार्यक्रम में जिला कोर्ट से आए एडवोकेट राजेश ने विभिन्न कानूनी अधिकारों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी।
उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े कानूनों की विशेष जानकारी देते हुए छात्राओं को सशक्त बनने का संदेश दिया। इसके पश्चात छात्राओं ने सामुदायिक सेवा के तहत निकटवर्ती श्री गुरुद्वारा साहिब का दौरा किया। वहां उन्होंने सफाई और सेवा कार्य में भाग लिया।
शिविर के दौरान हरियाणवी फिल्म और थिएटर जगत के प्रतिष्ठित कलाकार वीरेंद्र सरोहा ने छात्राओं के साथ अपने अनुभव सांझा किए। उन्होंने उन्हें अभिनय और सांस्कृतिक कलाओं के विविध आयामों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और आत्म-अभिव्यक्ति का सशक्त साधन भी है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शशिकांता ने पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान देने वाले अतिथियों, शिक्षकों और छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में सतबीर सिंह, गुरुदेव सिंह और अनीता वर्मा ने सहयोग किया।