कलायत। कलायत के गांव बड़सीकरी के राजकीय उच्च विद्यालय के मतदान केंद्र के बाहर सायं पांच बजे पुरानी रंजिश के चलते बढ़सीकरी कलां निवासी दो युवकों पर भारी पथराव कर घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटना के कारण मतदान प्रभावित नहीं हुआ। समाचार लिखे जाने तक पुलिस गांव में तैनात है।
गांव बड़सीकरी के राजकीय विद्यालय के मतदान केंद्र के बाहर सायं पांच बजे कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान घेराबंदी करते हुए गुरमेज और प्रवीण को निशाना बनाया जबकि दूसरा पक्ष इसमें खुद को निर्दोष बता रहा है। इस दौरान मतदान को प्रभावित नहीं होने दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलायत उप मंडल मुख्यालय के डीएसपी सज्जन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, सितंबर 2021 में बढ़सीकरी कलां गांव की दो अलग-अलग कालोनियों में रहने वाले युवकों के बीच विवाद हुआ था। इस संबंध में उस दौरान गुरमेज की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 सहित दूसरी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में गुरमेज शिकायकर्ता है। मतदान के दौरान आरोपी पक्ष ने पुरानी रंजिश रखते हुए युवकों पर हमला किया। डीएसपी की मौजूदगी में पुलिस ने मौके से लाठी, गंडासी, मोटरसाइकिल व अन्य सामान कब्जे में लिया है।
पुलिस घटना के मूल कारकों पर गहनता से जांच कर रही है। डीएसपी सज्जन कुमार ने बढ़सीकरी कलां की उन कालोनियों का पुलिस टीम के साथ दौरा किया, जिनसे दोनों पक्ष संबंध रखते हैं। तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डायल 112 की गाड़ी को तैनात किया है ताकि किसी प्रकार के घटनाक्रम की पुनरावृत्ति न हो पाए। शांति बहाली तक पुलिस को ग्रामीण क्षेत्र में मुस्तैद रहने को कहा गया है।