खनौरी रोड से अंबाला रोड आरकेएम फार्म तक ड्रेन पर करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबी अत्याधुनिक सडक़ का निर्माण किया जाएगा। जिससे पंजाब के खनौरी की ओर से आने वाले वाहन पटियाला, सिरटा, खुराना व अंबाला रोड की ओर शहर से बाहर से ही आ जा सकेंगे। वहीं शहर की दर्जनों कालोनियों के लोगों को इस सडक़ के बन जाने से लाभ होगा। साथ ही शुगर मिल की ओर जाने वाले किसानों को शहर से बाहरी क्षेत्र से ही करनाल रोड तक पहुंचने में मदद मिलेगी। इससे शहर में जाम से भी मुक्ति मिलेगी।
विदित रहे कि इस समय खनौरी रोड से शहर में पुराने बाईपास से होते हुए भगवान परशुराम चौक से होकर विश्वकर्मा चौक से होकर अंबाला रोड की ओर आना-जाना पड़ता है। आरकेएम पैलेस से खुराना रोड तक तो ड्रेन पर सडक़ बनी हुई है। आगे की ड्रेन की पटरी पर सडक़ नहीं है। अब यह सडक़ बन गई तो न केवल पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों बल्कि आस-पास के गांवों व कालोनियों के लोगों को आने जाने में राहत मिलेगी। साथ ही खनौरी रोड, सिरटा रोड, खुराना रोड व अंबाला रोड से आने जाने वाले लोगों के लिए कनेक्टिविटी का रास्ता खुलेगा।
विधायक लीला राम ने इस परियोजना का खुलासा करते हुए बताया कि पांच किलोमीटर से अधिक लंबी सडक़ पर 17 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसकी मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि 18 फुट चौड़ी सडक़ को अत्याधुनिक ढंग से बनाया जाएगा। इस सडक़ के बनने से किसानों को बड़ा लाभ होगा। खनौरी सहित उस क्षेत्र के जो किसान हैं, गन्ना लेकर वे सीधा शुगर मिल में शहर से बाहर की बाहर अपने वाहनों को लेकर जा सकेंगे। शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। इस एरिया के प्रतिष्ठानों, स्कूलों व अन्य शिक्षण संस्थानों में पहुंचने वालों को काफी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा कैथल के विकास के लिए विशेष ध्यान दे रहे हैं। कैथल में मेडिकल कॉलेज से लेकर अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। अब पूरे शहर में सीएम द्वारा घोषित दस करोड़ रुपये की ग्रांट से विकास कार्य जारी हैं। साथ ही कई सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। कांग्रेस द्वारा केवल और केवल किसानों के नाम पर राजनीति की जा रही है। जबकि भाजपा का ध्यान समग्र विकास पर है।