संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। वैज्ञानिक मानसिकता पर राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में आर्यव्रत शिक्षा निकेतन स्कूल तितरम से अंजू मलिक व सानवी कुंडू ने भाग लिया था। इसमें हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति ने जींद में राज्य स्तरीय कार्यक्रम करके प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव रामफल मलिक व कपिल सिरोही ने कहा कि समाज और प्रकृति के रहस्यों को समझने में विज्ञान और वैज्ञानिक मानसिकता बहुत मददगार साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति और देश के विकास में विज्ञान और वैज्ञानिक मानसिकता का बहुत बड़ा योगदान रहता है। यह जीवन का सार है जो किसी भी व्यक्ति एवं समाज के बेहतर विकास के लिए बहुत जरूरी है। यह हमेशा न केवल तथ्यों पर आधारित होती है बल्कि सच्चाई के बिल्कुल नजदीक भी होती है। देश और दुनिया का हर व्यक्ति इसका लाभ उठाना चाहता है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से दुनिया भर में विज्ञान और वैज्ञानिक मानसिकता पर गहरी चोट कर अंधविश्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है। विज्ञान और वैज्ञानिक मानसिकता विरोधी ताकतों द्वारा नागरिकों के सोचने की स्वतंत्र प्रक्रियाओं को बाधित किया जा रहा है। अंधविश्वास और काल्पनिक बातों को बढ़ावा देने के लिए तमाम तंत्रों को लगा दिया गया है। ऐसे हालातों में भी हम विज्ञान को जन पक्षधर बनाने का प्रयास कर रहे है। इस अवसर पर आर्यव्रत शिक्षा निकेतन स्कूल मुख्याध्यापक शिव कुमार, रामचंद्र, कपिल, अंजू रानी, अनु, नीरू, गीता, ज्योति, संजना, सुमन, सुनैना, सोनिया आदि प्राध्यापकों व सभी छात्र छात्राओं ने भाग लिया।