संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। दो प्रदेशों को जोड़ने वाला कैथल-पटियाला चीका स्टेट हाईवे काफी व्यस्त मार्ग है। यह हाईवे चीका शहर के बीच से होकर गुजरता है। शहर में वाहनों की आवाजाही रहने व पैदल चलने वाले लोगों की वजह से चीका पटियाला व चीका कैथल रोड पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है।
चीका कैथल रोड पर रेहड़ी व टेंपो खड़े कर सब्जी बेचने वाले लोगों की वजह से यह स्टेट हाईवे सड़क कम और सब्जी मंडी अधिक लगती है। सब्जी विक्रेता सड़क के साथ लगती पूरी जगह पर कब्जा जमा लेते हैं, जिसके चलते सब्जी खरीदने के लिए आने वाले लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़ा कर वाहनों के रास्ते को पूरी तरह से अवरुद्ध कर देते हैं। नतीजा, इस जगह पर लोगों को हर समय किसी बड़े हादसे का अंदेशा बना रहता है।
इन सब्जी विक्रेताओं के पास ही बड़ी संख्या में फास्ट फूड बेचने वाले रेहड़ियां लगाते हैं। इन पर आने वाले ग्राहक भी अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं जिसके चलते यह सड़क स्टेट हाईवे ना होकर किसी गली मोहल्ले की सड़क का अहसास देती है। चीका से कैथल जाने वाली बसों ने भी इसी जगह पर अपना अस्थायी अड्डा बनाया हुआ है। एक समय में कई कई बसें सड़क पर जमा रहती है जिसके कारण चीका कैथल रोड की यह जगह हर समय हादसों को न्योता देती रहती है।
शहर के शहीद ऊधम सिंह चौंक के चारों तरफ, सिनेमा रोड, गुहला रोड, पिहोवा रोड, पार्क रोड पर लगने वाली रेहडिय़ों व दुकानदारों द्वारा सड़कों पर रखे गए सामान की वजह से भी हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है।
शहरवासी धर्मेंद्र सिंह, अशोक कुमार, सुरेश कुमार ने कहा कि चीका कैथल रोड का यह यह स्थान खतरनाक माना जाता है जो किसी भी समय यहां से गुजरने वाले किसी व्यक्ति की जान ले सकता है। इस संबंध में लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से इस जगह से रेहडि़यों को हटवाने
की मांग रखी है ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
चीका कैथल रोड पर रेहडिय़ां व बसे खडऩे की वजह से भीड़ रहती है। इन रेहडिय़ों को जल्द यहां से हटवा भीड़ कम की जाएगी ताकि आवागमन सुगम हो सके।
- राजेश शर्मा, सचिव नगरपालिका चीका।