प्रतियोगिता में भाग लेते बच्चे
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर सभी कक्षाओं के छात्रों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डीएसपी सतीश गौतम मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शारीरिक विकास के लिए कठोर परिश्रम की आवश्यकता है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सजी जैकब ने सभी मेहमानों का अभिनंदन करते हुए कहा कि वैज्ञानिक प्रमाणों के अनुसार शारीरिक विकास व मानसिक विकास का अटूट संबंध होता है।
इसके पश्चात विभिन्न विधाओं में बच्चों ने अपने कौशल को प्रदर्शित करते हुए सौ मीटर, चार सौ मीटर, रिले दौड़, शॉट पुट, लॉन्ग जंप, बंबल बी, आई लव माई इंडिया में हिस्सा लिया। इन विधाओं में कुल चार हाउस थे जिनमें कल्पना चावला हाउस के खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर डीपीएस ट्राफी पर कब्जा किया। समापन समारोह की विशिष्ट अतिथि रेनू गुप्ता ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन सतीष बंसल ने सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। अंत में मुख्याध्यापिका जसप्रीत मित्तल ने विशिष्ट अतिथियों, प्रबंधक समिति का आभार प्रकट किया। प्रतियोगिता में नन्हें खिलाड़ियों ने सभी का दिल जीत लिया। इस अवसर पर प्रबंधक समिति के सभी गणमान्य सदस्य तथा पूरा स्टाफ मौजूद रहा।