संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गुहला ब्लॉक में एक जनवरी 2025 को वार्षिक खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता करवाई जाएगी। यह जानकारी कार्यक्रम अधिकारी गुरजीत कौर ने दी है।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिताएं दो आयु वर्गों में करवाई जाएगी, जिसमें 30 वर्ष से कम आयु वर्ग की महिलाएं और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं में तीन-तीन गतिविधियां होंगी। यह प्रतियोगिता राजकीय बॉयज स्कूल गुहला-चीका में सुबह 10 बजे शुरू होगी। कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 30 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं के लिए 300 व 400 मीटर रेस, 5 किलोमीटर की साइकिल रेस करवाई जाएगी। वहीं 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए डिस्कस थ्रो, म्यूजिकल चेयर गेम और 100 मीटर की रेस करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली महिला को 2100 रुपये, द्वितीय आने वाली महिला को 1100 रुपये और तृतीय आने वाली महिला को 750 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इनमें कोई भी महिला भाग ले सकती है। सभी ग्रामीण महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकती हैं।