संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा राज्य के सरकारी स्कूलों में यूथ एवं इको क्लब का गठन किया जाना है। इनके लिए हर स्कूल के लिए पांच हजार रुपये की राशि विभाग की ओर से जारी कर दी गई है। यह राशि सभी स्कूलों ने के मुखियाओं को 31 मार्च से पहले खर्च करने के भी निर्देश दिए हैं।
जिला परियोजना अधिकारी सुरेंद्र कुमार आर्य ने यह जानकारी दी। डीपीसी ने यह भी कहा कि 31 मार्च के तक जिन भी स्कूलों में पैसा खर्च नहीं किया तो वह अपने आप वापस चला जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी स्कूल मुखिया को आदेश दिए हैं कि ऐसे अध्यापक को इस क्लब का इंचार्ज बनाए, जिसकी पर्यावरण के प्रति गहरी रुचि हो और बच्चों को भी प्रोत्साहित कर सके।
विद्यालय स्तर पर यूथ एवं इको क्लब का एक अध्यापक इंचार्ज बनाया जाएगा तथा कक्षा पहली से पांचवी तक के विद्यार्थियों को इसमें सदस्य बनाया जाएगा प्रत्येक कक्षा से 10 विद्यार्थी सदस्य होंगे जिसमें पांच लड़कियां तथा पांच लड़के सदस्य रहेंगे।
डीपीसी ने सभी संबंधित एबीआरसी को भी कहा कि अपने-अपने क्लस्टर में यूथ एवं
इको क्लब के इंचार्ज बनाकर पांच हजार की भेजी गई राशि को खर्च करें। यूथ एवं इको क्लब के इंचार्ज की सूचना सॉफ्ट कॉपी बीआरसी कार्यालय में भेजें सूचना में
स्कूल मुखिया का नाम, उनका व्हाट्सएप मोबाइल नंबर, यूथ एवं इको क्लब के इंचार्ज का नाम एवं उनका व्हाट्सएप मोबाइल नंबर देना है।
जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार ने बताया कि विद्यालय स्तर पर इस गतिविधि के लिए पृथ्वी दिवस पर्यावरण दिवस मनना तथा मेगा प्लांटेशन इत्यादि कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। विद्यालय स्तर पर इस गतिविधि का अलग से रजिस्टर लगाया जाएगा, जिसमें वर्ष भर होने वाली गतिविधियों को नोट किया जाएगा।