कैथल। शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थान आईजी कॉलेज और आरकेएसडी कॉलेज तक सीधी स्पेशल बस सेवा नहीं होने से विद्यार्थियों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों कॉलेज बस अड्डे से करीब दो किलोमीटर दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में दूर-दराज के गांवों और कस्बों से आने वाले छात्र-छात्राओं को कॉलेज पहुंचने के लिए ऑटो या निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई विद्यार्थियों को पैदल भी जाना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों का कहना है कि पहले परिवहन सुविधा मिलने से आने-जाने में आसानी रहती थी लेकिन अब बस सेवा बंद होने के कारण अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों पर इसका ज्यादा असर पड़ रहा है।
विद्यार्थी मनोज, सुनील और मनबीर ने बताया कि शहर में आईटीआई और आंबेडकर कॉलेज के लिए बस सुविधा उपलब्ध है, जबकि आईजी और आरकेएसडी कॉलेज के लिए ऐसी व्यवस्था नहीं की गई। यदि कॉलेज समय के अनुसार स्पेशल बसें चलाई जाएं तो हजारों विद्यार्थियों को राहत मिल सकती है। इससे निजी वाहनों और ऑटो पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। विद्यार्थियों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए जल्द बस सेवा शुरू की जाए। बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को सुरक्षित और सस्ती यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
सुबह व शाम को होती है सबसे ज्यादा परेशानी
छात्रा पूजा, रामभतेरी, सोनिया ने बताया कि सुबह कॉलेज पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने के समय सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार लंबे इंतजार के बाद भी ऑटो नहीं मिलते। गर्मी के मौसम में सड़क किनारे खड़े रहना मजबूरी बन गया है। समय पर वाहन नहीं मिलने के कारण कक्षाओं में देरी से पहुंचना पड़ता है। ऑटो चालक मनमर्जी का किराया वसूलते हैं। रोजाना 40 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
जल्द शुरू होगी बस सेवा : टीएम विपुल
रोडवेज विभाग के टीएम विपुल कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न कॉलेजों के लिए स्पेशल बस सेवाओं का संचालन किया जा रहा है, ताकि छात्र-छात्राओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। विभाग लगातार विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार रूटों की समीक्षा कर रहा है। जिन शिक्षण संस्थानों तक अभी बस सेवा उपलब्ध नहीं है, वहां भी जल्द स्पेशल बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को समय पर और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।