संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोडवेज का बेड़ा बढ़ने के बाद एक सप्ताह पहले ही छात्राओं की सुविधा के लिए राजौंद से कैथल के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। अब सोमवार से लड़कियों के लिए सेरधा से कैथल के लिए विशेष बस सेवा शुरू की जाएगी।
यह बस राजौंद से कैथल वाया सेरधा, सौंगल व माजरा होते हुए कैथल पहुंचेगी। इसके बाद यही बस दोपहर को छात्राओं को घर छोड़ने के लिए वापस जाएगी। बस राजौंद से कैथल वाया सेरधा, सौंगल व माजरा होते हुए राजौंद जाएगी। इसके तहत यह सुबह सवा छह बजे कैथल से रवाना होगी और सात बजे राजौंद पहुंचेगी।
इसके बाद यह बस सवा सात बजे राजौंद से चलेगी, जो वाया सेरधा, सौंगल व माजरा होते हुए कैथल पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर के समय दो बजे के बाद कॉलेज की छुट्टी होने पर कैथल से राजौंद के लिए रवाना होगी। यह बस केवल लड़कियों के लिए ही शुरू की जा रही है।
बस स्टैंड के ड्यूटी प्रभारी निरंजन सिंह तंवर ने बताया कि मांग के अनुसार अब ग्रामीण रूटों पर बसों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। अब सोमवार को लड़कियों के लिए कैथल से राजौंद व राजौंद से कैथल वाया सेरधा, सौंगल व माजरा से विशेष बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही बसों की संख्या बढ़ने के बाद लंबे रूट पर और बसें चलाने की योजना बनाई जा रही है।