शहर के कुछ दुकानदारों द्वारा एक नामी कार कंपनी के नकली मोटर्स पार्ट्स बेचने की सूचना पर कंपनी के अधिकारियों ने सिविल लाइन पुलिस को साथ में लेकर छापेमारी की। इस दौरान उन्हें ढांड रोड स्थित 2 दुकानों से भारी मात्रा में कार मोटर्स कंपनी का नकली स्पेयर पार्ट्स बरामद हुआ है।
चंडीगढ़ से आए कंपनी के अधिकारी रमेश दत्त व राजेश शर्मा कैथल ने एसपी कृष्ण मुरारी को शिकायत दी थी कि उनकी कंपनी का मार्का लगाकर कैथल में कुछ दुकानदार नकली मोटर पार्ट्स बेच रहे हैं। इस पर एसपी ने सिविल लाइन एसएचओ महावीर सिंह को टीम के साथ छापेमारी के आदेश दिए थे। शुक्रवार दोपहर बाद एसएचओ महावीर सिंह व कार कंपनी के अधिकारी ढांड रोड स्थित दो दुकानों पर पहुंचे। वहां पर टीम को करीब 4 लाख रुपये का नकली सामान बरामद हुआ है।