राजौंद। गांव सौगल में 60 किलो भार वर्ग की सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में सौंगल की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। मखंड की टीम दूसरे और भदावड़ तीसरे स्थान पर रही। खेल कमेटी के सदस्य राजीव बांगड़, शमशेर सिंह उर्फ शेरा, धर्मपाल इंस्पेक्टर, पंजाब सिंह, विक्की, सतबीर मलिक, राजेश मेहला व जोगीराम ने प्रथम आने वाली टीम को ट्रॉफी और 11 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। दूसरे स्थान पर आने वाली टीम को सात हजार और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को चार हजार रुपये व ट्रॉफी दी गई। राजीव बांगड़ ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जरूरी है। खेलों के द्वारा ही युवाओं का शारीरिक, मानसिक और भावात्मक विकास होता है। खेलों के माध्यम से युवा अपने गांव, जिला, प्रदेश, देश में नाम रोशन कर सकते हैं। हरियाणा के युवाओं की पहचान कबड्डी और कुश्ती खेल से होती है। प्रदेश में गीता फोगाट, बबीता फोगाट, हरविंद्र और नीरज चौपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने मेडल जीतकर देश ही नहीं विदेशों में अपना नाम कमाया है। युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए।