संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले की समाजसेवी संस्थाओं व आमजन के सहयोग से एकत्रित राहत सामग्री से भरे दूसरे ट्रक को पंजाब के फिरोजपुर जिले में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने जिला भाजपा कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक गुर्जर, पूर्व चेयरमैन कैलाश भगत, मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल आदि लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों तक लगातार मदद पहुंचाई जा रही है। हरियाणा से भी पंजाब सहित प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भेजी जा रही है।
इसी कड़ी में कैथल जिले से समाजसेवी संस्थाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रशासन व आमजन के सहयोग से सामग्री एकत्रित कर भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक जरूरत रहेगी, कैथल से राहत सामग्री भेजने का कार्य जारी रहेगा।
उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से डीसी प्रीति के नेतृत्व, भाजपा संगठन, समाजसेवी संस्थाओं और आमजन के सहयोग के लिए आभार जताया। सैनी ने बताया कि कैथल से लगातार दूसरा ट्रक राहत सामग्री लेकर भेजा जा रहा है। इसमें सूखा चारा, गेहूं, चावल व अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है और उसे सामान्य करने की दिशा में यह योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री सुरेश संधू, मनीष शर्मा, जिला प्रवक्ता हिमांशु गोयल, सीएम विंडो एनीमेंट पर्सन बलविंद्र जांगड़ा आदि मौजूद रहे।