संवाद न्यूज, एजेंसी
कलायत। नगर को हरा-भरा बनाने के लिए सामाजिक संस्था सोशल ग्रीन ब्रिगेड लगातार प्रयासरत है। संस्था ने नगर में रेलवे रोड, सजूमा रोड और सरकारी स्कूलों में पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा, पानी, कटाई और छंटाई का जिम्मा भी स्वयं लिया है।
संस्था के प्रधान जसबीर राणा जस्सी ने बताया कि नगर में सड़कों के किनारे हरियाली की कमी को देखते हुए जून 2024 से पौधारोपण का अभियान शुरू किया गया। नगरवासियों के सहयोग से अब तक लगभग 600 पौधे लगाए जा चुके हैं। इन पौधों में पीपल, बरगद, गुल्लर, पापड़ी, जरगेंडा, अमलतास, शीशम और शहतूत शामिल हैं। जस्सी ने बताया कि संस्था के सदस्य नियमित रूप से पौधों की देखभाल कर रहे हैं। जहां जरूरत पड़ती है, वहां नए पौधे भी लगाए जा रहे हैं।