कैथल। जिले में ग्रेडेशन प्रमाणपत्र के लिए 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे लेकिन रविवार देर शाम तक इनमें से केवल 132 खिलाड़ियों के ही प्रमाणपत्र जारी हो सके हैं। हरियाणा ग्रुप-डी भर्ती के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट के आवेदन का रविवार को अंतिम दिन रहा। रविवार को सत्यापन के बाद सिर्फ 12 खिलाड़ियों को ही प्रमाणपत्र मिल पाया। ऐसे में अब भी 68 से अधिक खिलाड़ी प्रमाणपत्र का इंतजार कर रहे हैं।
यदि सीईटी आवेदन की अंतिम तिथि में कोई विस्तार नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में पात्र खिलाड़ी खेल कोटे के तहत आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं। जिला खेल विभाग ने रविवार को भी खिलाड़ियों की टीम को दस्तावेज सत्यापन के लिए अंबाला भेजा। हालांकि पूरे दिन चली प्रक्रिया के बावजूद केवल 12 खिलाड़ियों के ही ग्रेडेशन प्रमाणपत्र जारी हो सके। इससे पहले 120 खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र मिल चुके थे। अब तक कुल 132 खिलाड़ियों के प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं।
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन एक समय में संभव नहीं हो पाया। कुछ मामलों में रिकॉर्ड की जांच और औपचारिकताएं पूरी होने में समय लग रहा है। विभाग लगातार सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने में जुटा है लेकिन आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने से कई खिलाड़ियों की चिंता बढ़ गई है।
खेल कोटे से आवेदन के लिए जरूरी है प्रमाणपत्र
ग्रेडेशन प्रमाणपत्र खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरियों में आवेदन के लिए अनिवार्य दस्तावेज है। हरियाणा ग्रुप-डी भर्ती में खिलाड़ियों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। ऐसे में जिन खिलाड़ियों को समय रहते प्रमाणपत्र नहीं मिल पाएगा, वे खेल कोटे के तहत आवेदन नहीं कर सकेंगे।
रविवार को 12 खिलाड़ियों के ग्रेडेशन प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। अब तक कुल 132 खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र मिल चुके हैं। विभाग लगातार सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास कर रहा है।
- राजरानी, जिला खेल अधिकारी, कैथल