कैथल। जिले में 11 रूटों पर निजी बसों के संचालन के लिए परमिट देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की ओर से स्टेज कैरिज स्कीम के तहत आमंत्रित आवेदनों में अब तक 11 आवेदन मिल चुके हैं। इच्छुक निजी बस संचालक 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के साथ 25 हजार रुपये की अप्रतिदेय फीस जमा करवानी होगी।
नए परमिट जारी होने के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बस परिवहन व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। जिले के कई ग्रामीण रूटों पर पर्याप्त बसें उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बसों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को कई बार लंबे समय तक बस का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में नए परमिट मिलने से इन रूटों पर परिवहन सुविधा बढ़ने की संभावना है। पहले से 118 निजी बसें विभिन्न रूटों पर चल रही हैं।
इन 11 रूटों पर मांगे गए आवेदन
आरटीए की ओर से कैथल-असंध वाया तितरम मोड़, जाखौली व राजौंद, राजौंद-पिहोवा वाया पाई, पूंडरी, फरल, ढांड व बटेड़ी, खरकां-पिहोवा वाया अगौंध, गुहला-चीका वाया भागल और कैथल-चीका वाया सीवन, कांगथली व पीडल रूट के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके अलावा पूंडरी-करनाल वाया बरसाना, हाबड़ी, सिरसल, बदनारा व निसिंग, कैथल-निसिंग वाया पूंडरी, पूंडरी-कुरुक्षेत्र वाया फरल व ढांड, कैथल-नरवाना वाया तितरम मोड़, बात्ता, कलायत व ढाकल, ढांड-करनाल वाया कौल, सीतामाई व काछवा, कैथल-टोहाना वाया पाड़ला, सांघन, नंदसिंह वाला, बरटा, धनौरी, गढ़ी पिपलथा, ढाबी टेक सिंह, धमतान साहिब व कालवन तथा कैथल-नगूरां वाया तितरम मोड़ व किठाना रूट शामिल हैं।
11 रूटों पर बसों के संचालन के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक संचालक 30 सितंबर तक आवेदन जमा करवा सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
— गिरिश कुमार, आरटीए विभाग