पुलिस ने स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन को काबू किया है। तीनों को पंजाब के समाना से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदातों में उपयोग की गई दो बाइक व झपटमारी करके छीनी गई सोने की चैन व बालियां बरामद की गई हैं। इनकी कीमत 2 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही हैं। आरोपी लंबे समय से कैथल व चीका में स्नेचिंग की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। सीआईए-वन परिसर में मीडिया से बातचीत में एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। जो एक ही बाइक पर वारदातों के लिए निकलते थे। पिछले कई दिनों से जिले में भी स्नेचिंग की वारदातें लगातार बढ़ रही थीं। इसके बाद पुलिस सतर्क हुई। पुलिस ने जिले के सभी थानों व चौकी में स्नेचिंग के दर्ज मामले अनुसार सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया। इसके बाद सीआईए वन पुलिस ने समाना निवासी विजय वर्मा, लखबीर सिंह व हरमीत को समाना से ही गिरफ्तार किया है।
एसपी ने बताया कि गायत्री स्कूल में कर्मचारी प्रवीन निवासी बड़ा कटहेड़ा कैथल 11 मार्च को रेलवे गेट से वापस अपने घर जा रही थी, महिला का पति अशोक उससे पीछे-पीछे चल रहा था। एक युवक उसके कानों पर झपट्टा मारकर दोनों बालियां छीनकर ले गया। एक अन्य मामले में कुंती देवी निवासी सीवन गेट की 20 मार्च को आंबेडकर चौक कैथल से कान से सोने की बाली छीनकर अज्ञात युवक फरार हो गए थे। इसी प्रकार जिले के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्जनों मामले स्नेचिंग के दर्ज हुए हैं। एसपी ने बताया कि इन मामलों में तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में उपयोग की दो मोटरसाइकिलें सहित महिलाओं से छीने गए करीब 2 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के सोने के जेवर बरामद किए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से आरोपी विजय व लखबीर को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि तीसरे आरोपी हरमीत का न्यायालय से एक दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस द्वारा जांच के दौरान तीसरे आरोपी की निशानदेही पर वारदात में उपयोग तीसरा वाहन व महिला के गले से झपटी गई एक चैन बरामद कर ली गई।
एक के खिलाफ दर्ज है हत्या के आरोप में मामला -एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी विजय वर्मा पटियाला जेल में पांच साल की सजा काट रहा है। जो अभी पैरोल पर आया हुआ था। वहीं इसका दोस्त लखबीर उसके साथ कई आपराधिक मामलों में उसके साथ लिप्त रहा है, जो हाल ही में जमानत पर बाहर आया हुआ था। तीसरा आरोपी हरमीत गोवा के कल्बों में नौकरी करता था, जहां उसने किसी रंजिशन में एक गोवा निवासी व्यक्ति की हत्या कर दी थी। आरोपी हरमीत उक्त मामले में जमानत पर बाहर आया हुआ था।
स्नेचिंग की वारदातों के लिए एक बाइक पर तीनों दोस्त इकट्ठे जाते थे। एक साथ मोटरसाइकिल स्टार्ट रखता था। दो अन्य झपटमारी करके एकदम से बाइक पर बैठकर फरार हो जाते थे। बाइक चालक इतना एक्सपर्ट था कि भीड़भाड़ के क्षेत्र में भी बाइक को निकालकर ले जाता था। तीनों आरोपियों में मुख्यारोपी विजय वर्मा बताया जा रहा है।