बढ़ते
प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सरकार के साथ साथ गांवों को धुआं रहित
बनाने के लिए गैस कंपनियों ने पहल की है। कलायत क्षेत्र में इंडियन ऑयल
कंपनी के निर्देशों पर प्रीतम इंडेन गैस एजेंसी ने उपमंडल के गांव
पिंजुपूरा को गोद लिया है। गोद लेने के साथ ही इस गांव को धुआं रहित गांव
की श्रेणी में लाने के लिए प्रत्येक परिवार का गैस कनेक्शन देने का कार्य
शुरू कर दिया।
गांव पिंजुपुरा के निर्माणाधीन गुरू रविदास मंदिर परिसर में
एसडीएम आरके सिंह ने इस परियोजना की शुरूआत की। जिसमें उपभोक्ताओं को
कनेक्शन कापी, गैस चूल्हा, सिलेंडर व किट उपलब्ध करवाया गया। एसडीएम आरके
सिंह ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक घर में गैस उपलब्ध करवा
पूरे गांव को धुआं रहित बनाना है।
उन्होंने कहा कि गैस कनेक्शन लेने के
पश्चात न केवल महिलाओं को खाना आदि बनाने में सुविधा रहेगी बल्कि प्रदूषण
पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपने परिवार के सदस्यों को
शुरू में गैस का प्रयोग करने की जानकारी दें ताकि इसका सही प्रयोग हो सके।
कार्यक्रम के दौरान वितरित किए जा रहे गैस कनेक्शनों बारे जानकारी देते गैस
एजेंसी के मालिक डा. प्रीतम कौलेखां ने बताया कि इस गांव का घर-घर जाकर
सर्वे किया जा चुका है।
गांव में करीब 450 परिवार हैं, जिसमें से गरीबी
रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की संख्या 77 के पास है। गांव
में पहले से ही जहां 200 के करीब परिवारों के पास गैस कनेक्शन है। शेष रहे
परिवारों को कनेक्शन देने का कार्य 31 दिसंबर तक गुरू रविदास मंदिर परिसर
में ही पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 1 राशन
कार्ड पर 1 गैस कनेक्शन दिया जाएगा। ताकि इस गांव में कोई भी परिवार बिना
गैस के न रहे। एजेंसी द्वारा सिलेंडर उपभोक्ता के घर पर ही उपलब्ध करवाया
जाएगा। इस अवसर पर निवर्तमान सरपंच बलवंत सिंह सहित दर्जनों महिलाएं व
पुरुष मौजूद रहे।