कैथल। रेहड़ी, पटरी, ठेला और फेरी लगाकर आजीविका कमाने वाले छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि यानी पीएम स्वनिधि योजना चलाई जा रही है। डीसी अपराजिता ने बताया कि योजना के तहत छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए ऋण उपलब्ध करवाया जाता है। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से 1 जून 2020 को शुरू की गई इस योजना की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2030 तक कर दी गई है। योजना के तहत अब पहली किस्त में 10 हजार के स्थान पर 15 हजार रुपये और दूसरी किस्त में 20 हजार के स्थान पर 25 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता है। वहीं तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये तक की ऋण सहायता उपलब्ध है। डीसी ने बताया कि ऋण राशि से स्ट्रीट वेंडर्स कारोबार के लिए जरूरी सामान खरीदने और व्यवसाय का विस्तार करने में सक्षम हो रहे हैं। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को अगली किस्त का लाभ भी मिलता है। योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।