संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल के छह विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें छात्रा पूनम, शोधार्थी वेद की अंजली, आचार्य वेद की अंजली, आकाश, मोहित और अंकिता शामिल हैं।
विद्यार्थियों ने टीक परिसर में कुलपति आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। कुलपति आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों के अनुशासन, निरंतर स्वाध्याय और प्राध्यापकों के समर्पण का परिणाम है। आचार्य साहित्य की छात्रा पूनम ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा के साथ जूनियर रिसर्च फेलोशिप हासिल की। शोधार्थी वेद की अंजली और आचार्य वेद की अंजली ने सहायक प्राध्यापक पद के लिए पात्रता प्राप्त की। एमए योग के आकाश और आचार्य वेद के मोहित ने भी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की। एमए योग की अंकिता ने पीएचडी में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की।
विद्यार्थियों ने कुलपति, कुलसचिव प्रो. संजय गोयल, शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. जगत नारायण और शिक्षकों का आभार जताया। इस अवसर पर शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. जगत नारायण कौशिक, हिंदू अध्ययन विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण चंद्र पांडे, योग विभागाध्यक्ष डॉ. रामानन्द मिश्र, वेद विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र और जनसंपर्क अधिकारी डॉ. गोविन्द वल्लभ उपस्थित रहे।