संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भिवानी में चल रही हरियाणा स्कूल स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कैथल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज की है। कैथल के छह खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर प्रतियोगिता के अगले राउंड में प्रवेश कर लिया है। अब इन खिलाड़ियों की नजरें क्वार्टर फाइनल मुकाबलों पर रहेंगी।
कैथल की ओर से अंडर-14 वर्ग में 46 किलोग्राम भार वर्ग में रणदीप ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर-17 वर्ग में अजय, हरनूर, पारस और दीपक ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। वहीं अंडर-19 वर्ग में चिरागदीप ने भी प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में प्रदेश के 22 जिलों के खिलाड़ियों के साथ स्पोर्ट्स स्कूल राई की टीम भी भाग ले रही है।
कैथल जिले से प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में कुल 35 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से पहले नियमित अभ्यास कराया गया है। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के बाद इन खिलाड़ियों ने स्टेट चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं रणदीप, पारस और चिरागदीप
कैथल की टीम में कई खिलाड़ी पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। अंडर-19 वर्ग के चिरागदीप सीबीएसई नेशनल में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। अंडर-17 वर्ग के पारस राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल कर चुके हैं। वहीं अंडर-14 वर्ग के रंदीप स्कूली नेशनल में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। अब तीनों खिलाड़ियों के साथ अन्य खिलाड़ियों से भी अगले दौर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
कैथल टीम के साथ बॉक्सिंग कोच एवं डीपीई विक्रम ढुल के अलावा गांव भाणा की बॉक्सिंग नर्सरी के कोच देवेंद्र और गांव हरसोला की बॉक्सिंग नर्सरी के कोच किरणपाल खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।