पूंडरी। वीरवार दोपहर सिरसा ब्रांच नहर में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पांच-छह दोस्त पनचक्की फतेहपुर में सिरसा ब्रांच नहर में दोपहर को लगभग साढ़े 12 बजे नहर में नहाने के लिए गए। इनमें दो सगे भाई भी थे। जहां पर वे नहा रहे थे वहां पर पानी कम था, लेकिन उस स्थान से ठीक नीचे पानी झाल गिरने के कारण गहरा व बहाव तेज हो जाता है। वहीं पर दोस्तों के कहने पर युवक ने छलांग लगाई और गहरे पानी व तेज बहाव में डूब गया। रोहित के साथ नहा रहे अन्य युवक प्रवीण ने बताया कि उन्होंने रोहित को निकालने के काफी प्रयास किए, लेकिन वे उसे डूबने से नहीं बचा सके। काफी प्रयासों के बाद जब उसको नहीं निकाल पाए तो घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी भागीरथ, नायब तहसीलदार सुभाष चंद्र व कानूनगो रमेश गोताखोर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोर बबली, दीपक गोरा व मुकेश की टीम ने साढ़े 6 बजे तक कड़ी मशक्कत से शव को बाहर निकाला। मृतक का एक भाई व एक बहन है। मृतक का पिता बलबीर कुछ भी बोलने के स्थिति में नहीं था। रोहित के डूबने का समाचार सुनकर पूरे कस्बे में मातम छा गया। मृतक के भाई ने बताया कि 17 वर्षीय रोहित ने 12 वी की परीक्षा दी थी।
दोस्तों के अतिविश्वास और गलतफहमी में डूबा रोहित
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रोहित यहां पर पहली बार ही नहाने आया था, उसे तैरना नहीं आता था। इसलिए वह कम पानी वाली जगह पर नहा रहा था।, लेकिन उसके दोस्तों ने कहा कि छलांग लगा दे वे उसे डूबने नहीं देंगे। दोस्तों के विश्वास पर रोहित ने छलांग लगा दी, लेकिन दोस्त पानी का बहाव तेज होने के कारण रोहित को भरसक प्रयास के बाद भी बचा नहीं पाए।
पूंडरी चौकी इंचार्ज भागीरथ ने बताया कि दो बजे उनके पास सूचना आई थी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया। वहीं से परिजन शव को संस्कार के लिए ले गए।