शहीद पीएसआई रवि कुमार को सलामी देते हुए पुलिस कर्मचारी।
कैथल। जिला फरीदाबाद के मुजेसर क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्टरी में लगी भीषण आग व हुए विस्फोट के दौरान लोगों को बचाने के प्रयास में एसआई रवि कुमार की मौत हो गई थी। वह मूल रूप से जिला कैथल के गांव क्योड़क के रहने वाले थे और उनकी तैनाती फरीदाबाद के मुजेसर थाने में थी।
उनके पैतृक गांव क्योड़क में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया की 16 फरवरी को मुजेसर स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने पर ड्यूटी ऑफिसर होने के नाते एसआई रवि कुमार कश्यप बिना देरी किए सबसे पहले मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए राहत कार्य शुरू करवाया। इसी दौरान अचानक आग ने विस्फोट का रूप ले लिया, जिससे कई लोग झुलस गए। लोगों को बचाने के प्रयास में एसआई रवि कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 21 फरवरी को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस मौके पर डीसीपी मुख्यालय अभिषेक जोरवाल, फरीदाबाद से वेलफेयर इंस्पेक्टर सुशीला, सीडीआई अशोक, कैथल से डीएसपी सुशील प्रकाश, वेलफेयर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश, एसएचओ सदर इंस्पेक्टर रमेश, क्योड़क चौकी इंचार्ज एएसआई मोहन सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीद को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संवाद
शहीद पीएसआई रवि कुमार को सलामी देते हुए पुलिस कर्मचारी।