कैथल। पिछले चार दिनों से पूरे शहर में चर्चा का विषय बना नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन का चुनाव मंगलवार को संपन्न हो गया। सीधी टक्कर में नितर्वमान प्रधान श्यामलाल गर्ग नौच ने अपने प्रतिद्वंद्वी पूर्व प्रधान कृष्ण मित्तल को 156 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया। गर्ग को 542 वोटों में से 349 और मित्तल को 193 वोट मिले। खास बात यह रही कि सभी 542 आढ़तियों ने वोट डाले। पिछले साल आढ़तियों के लाइसेंस के मुद्दे से लेकर देनदारी छोड़कर भागने के प्रयास में राइस मिलर्स के साथ किए गए तालमेल के कारण श्यामलाल गर्ग नौच आढ़तियों की पहली पसंद बनकर उभरे। इस जीत के बाद मंडी में गर्ग समर्थकों में जश्र का माहौल रहा। समर्थकों ने लड्डू खिलाकर खुशी मनाई।
शनिवार को मंडी में प्रधान पद के लिए सहमति न बन पाने पर चुनाव की घोषणा की गई थी। इसमें निवर्तमान प्रधान श्यामलाल गर्ग नौच और पूर्व प्रधान कृष्ण बंसल पाई ने प्रधान पद के लिए नामांकन भरा था। मंगलवार सुबह 542 मतदाता सूची पर वोटिंग शुरू हुई। दो बजे तक मतदान का समय था लेकिन आढ़तियों में इतना जोश था कि समय से पहले ही सभी आढ़तियों ने अपने वोट का प्रयोग किया। जब गिनती की गई तो गर्ग की भारी जीत हुई।
गर्ग ने इसे भाईचारे की जीत बताते हुए कहा कि आढ़तियों ने सम्मान की जो पगड़ी उनके सिर पर रखी है, वे उसका पूरा मान रखेंगे। आने वाले सीजन में आढ़तियों से इस बार उठान के नाम पर वसूली नहीं होने दी जाएगी। लाइसेंस का मुद्दा हो या फिर मंडी में बारदाने की समस्या, सभी आढ़तियों को साथ लेकर समस्या समाधान कराया जाएगा।
पूर्व नगर परिषद चेयरमैन रामनिवास मित्तल ने कहा कि कई बड़े नेताओं ने चुनाव में साजिश का प्रयास किया लेकिन आढ़तियों ने एकजुटता से कोई साजिश कामयाब नहीं होने दी। वरिष्ठ आढ़ती बीरभान जैन ने कहा कि कैथल की अनाज मंडी हरियाणा, पंजाब एवं आसपास के राज्यों में नकद भुगतान के लिए प्रसिद्ध रही है। यहां से शहर की राजनीति प्रभावित होती है। आने वाले समय में इस जीत का व्यापक असर देखने को मिलेगा।
दूसरी ओर वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश गर्ग नौच ने अपने बड़े भाई श्यामलाल गर्ग की जीत को आढ़तियों के भाईचारे और एकता की जीत बताई।
आढ़ती धर्मपाल कठवाड़ ने कहा कि नौच गांव में सरपंच रह चुके गर्ग को पिछले साल सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया था। इस दौरान स्पष्टवादिता, लाइसेंस मुद्दे पर आढ़तियों को राहत, देनदारी निपटाने में स्पष्ट रवैया जैसी नीतियों के कारण उनमें आढ़तियों का विश्वास बढ़ा है। मंडी में वोट डालने पहुंचे हेफेड के चेयरमैन कैलाश भगत ने कहा कि कैथल मंडी में सीजन में किसी भी आढ़ती को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
जिला मंडी एसोसिएशन के प्रधान अश्वनी शोरेवाला और राइस मिलर्स एसोसिएशन के जिला प्रधान सचिन मित्तल ने कहा कि यह भाईचारे का चुनाव है। आढ़तियों और मिलर्स को किसान और मजदूरों के हित को देखते हुए तालमेल से कार्य करना होता है। गर्ग ने पिछले वर्ष अच्छा काम किया। इसके कारण उन्हें जीत मिली। इस मौके पर जिला प्रधान अश्वनी शोरेवाला, पूर्व नगर परिषद चेयरमैन रामनिवास मित्तल, पूर्व प्रधान सुरेश गर्ग चौधरी, विक्रम मित्तल, राजपाल चहल, धर्मपाल कठवाड़, देशराज, सुभाष, सज्जन कुमार, सुरेश रोहेड़ा, सुरेश सैनी आढ़ती खानपुर वाले, सत्यवान सिसमौर, दिलबाग संधू, रामफल मलिक, जयकिशन मान, अर्जुन पंडित, कृष्ण पंडित, संजीव शर्मा, रामकला पंडित, जसमेर ढांडा, रामकिशन, सुरेंद्र सरदाना, राजेंद्र खुराना, मोहित कालड़ा, प्रिंस सरदाना, विनय जैन, नोनी, राजपाल बात्ता प्रधान मुनीम एसोसिएशन सहित अनेकों आढ़ती, मुनीम व मजदूर मौजूद थे।