14-सीवन। विजेता बच्चों के साथ शिक्षक। संस्थान
सीवन। नगर के सीवन पब्लिक स्कूल में चल रही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। ये खेलकूद प्रतियोगिताएं स्कूल में सप्ताह भर चली, जिनमें स्कूल के बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इनमें 200 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, रस्सा-कस्सी, खो-खो, बाधा दौड़, तीन टांग दौड़, मेंढक दौड़, नींबू दौड़ में भाग लिया। फाइनल प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य, उप-प्रधानाचार्या, प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा स्वर्ण पदक, रजत पदक व कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य डाॅ. रामनिवास शर्मा ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में बहुत महत्व है। सभी को खेलों में अवश्य भाग लेना चाहिए। खेलों से तन और मन दोनों ही स्वस्थ रहते हैं। हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हमें हार से निराश नहीं होना चाहिए बल्कि उससे सीख लेते हुए आगे जीत के लिए तैयारी करनी चाहिए। उप-प्रधानाचार्या प्रतिभा शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास होता है। खेल हमारे जीवन को नई दिशा देते हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों का महत्व भी जानना चाहिए। बच्चों के बहुमुखी विकास के लिए खेलना अति आवश्यक है। प्रबंधन समिति के सदस्यों अमरिंदर सिंह खारा, विवेक गोयल व पवन शर्मा ने भी अपने विचार रखे। खेल प्रतियोगिता को अंतिम चरण तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले शिक्षक कोऑर्डिनेटर वर्षा, ममता गांधी, कपिल देव, निर्दोष कौर, विनोद कुमार, रोहित, शिल्पा सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।