गांव बात्ता में मुफ्त में शराब देने से मना करने पर एक युवक ने ठेकेदार पर गोली दाग दी। घटना में ठेकेदार बाल बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर मामला दर्ज कर लिया है।
ठेकेदार कृष्ण कुमार ने बताया कि सुबह 10 बजे के करीब एक बाइक पर दो युवक ठेके पर आए। एक युवक तो बाइक पर बैठा रहा तथा दूसरे ने आकर उससे मुफ्त में शराब मांगी। उसके मना करने पर गांव बात्ता के ही राजू राम ने गाली गलौच कर धौंस दिखाना शुरू कर दी। कृष्ण कुमार ने बताया कि उसने आरोपी को इससे पहले कभी नही देखा था। आरोपी उसे बार बार गोली मार देने की धमकी देने लगा। उसके विरोध करने पर आरोपी ने पिस्तौल से उस पर फायर कर दिया। जिससे वह बाल बाल बच गया। फायर करने के बाद आरोपी मोटर साइकिल पर सवार होकर भाग गया। इस घटना के बाद बात्ता में सनसनी फैल गई और पुलिस को सारे मामले की सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी कलायत रवींद्र सांगवान, थाना प्रभारी जयवीर, सीन आफ क्राइम टीम व सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंच कर सीन आफ क्राइम टीम के प्रभारी भीरा राम ने फिंगर प्रिंट उठाए। पुलिस को मौके पर एक खाली खोल भी मिला है। डीएसपी रवींद्र सांगवान ने बताया कि मामले में अभी तफ्तीश जारी है। कलायत पुलिस व सीआईए टीम द्वारा साक्ष्यों को इकट्ठा करने के लिए ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी को कानून व्यवस्था तोड़ने की इजाजत नही है। अति शीघ्र आरोपी पुलिस की हिरासत में होगा।