संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेश सरकार की ओर से पिछले महीने ही शुरू की गई हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत लाभार्थियों को झटका लगा है। इसमें नया बस स्टैंड पर बनाए गए सहायता केंद्र में अभी निदेशालय की अनुमति तक कार्ड वितरित नहीं किए जा सकेंगे। नए निर्देश के मुताबिक, निदेशालय के संदेश भेजने के बाद लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड मिलेगा।
गौरतलब है कि पहले विभाग की ओर से बस स्टैंड पर ही कार्ड देने की योजना बनाई थी, लेकिन अब निदेशालय ने अपना फैसला बदल लिया है। इस फैसले के बदले जाने के बाद लाभार्थी बिना कार्ड की वापस लौटने लगे हैं।
सहायता केंद्र पर मौजूद रोडवेज कर्मी का कहना है कि निदेशालय की ओर से संदेश भेजने के बाद ही हैप्पी कार्ड मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह संदेश हैप्पी कार्ड को एक्टिवेट करने के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए निदेशालय ने अपने स्तर पर एक कंपनी हायर की है। इस कंपनी की ओर से लाभार्थी के मोबाइल नंबर पर संदेश भेजा जाएगा।
यह है हैप्पी योजना
प्रदेश सरकार ने एक लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों के लिए हरियाणा रोडवेज में निशुल्क यात्रा देने की योजना शुरू की है। इसके तहत जिले के करीब एक लाख परिवारों को लाभ मिलना है। इसमें लाभार्थी परिवार रोडवेज की सामान्य बसों में सालाना एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क सफर कर पाएंगे। योजना के लाभार्थी परिवारों को एक स्मार्ड कार्ड बनाकर दिया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से ही वे रोडवेज की बसों में सफर तय कर पाएंगे। यह रोडवेज में परिचालकों की ओर से प्रयोग की जा रही ई-टिकटिंग मशीनों से जुड़ा हुआ होगा। अभी जिले में करीब पांच हजार लाभार्थियों की ओर से हैप्पी योजना के कार्ड के लिए आवेदन किया है।
हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत लाभार्थियों को कार्ड देने के लिए अभी तक जिला स्तर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि इस योजना की जानकारी के लिए सहायता केंद्र बनाया गया है। योजना के तहत निदेशालय अपने स्तर पर ही लाभार्थियों के मोबाइल नंबर पर संदेश भेजेगा। इसके बाद ही बस स्टैंड पर कार्ड बनना शुरू हो जाएंगे। - कमलजीत चहल, महाप्रबंधक, रोडवेज, कैथल।