संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के यूथ रेड क्रॉस (वाई.आर.सी.) स्वयंसेवकों ने यूथ रेड क्रॉस, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में महाविद्यालय का बेहतरीन प्रतिनिधित्व किया। नारा-लेखन प्रतियोगिता में शिव ने द्वितीय और लता ने पोस्टर-निर्माण प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में रेडक्रॉस के मूल सिद्धांत- मानवता, निष्पक्षता, सेवा और सहयोग, के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था।
इस प्रशिक्षण शिविर में कॉलेज के आठ समर्पित स्वयंसेवक राजीव, खुशीहाल, शिव, हर्षप्रीत, लता, स्नेह, गितिका और खुशी ने वाई.आर.सी. काउंसलर डिंकी खुराना के नेतृत्व में भाग लिया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने अग्नि सुरक्षा, मूल स्वास्थ्य–देखभाल, प्राथमिक उपचार, व्यक्तिगत और सामुदायिक स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। प्रतिदिन आयोजित योग सत्रों में शामिल होकर छात्रों ने शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत किया और दल-भावना को प्रोत्साहित किया।
साथ ही स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके अलावा शिविर की सांस्कृतिक एवं प्रतिस्पर्धात्मक
गतिविधियों में भी स्वयंसेवकों ने शानदार प्रदर्शन किया।