संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। थाना शहर क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर करीब चार साल तक यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर की एक कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि वर्ष 2022 में वह शहर के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान नीरज नामक युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा कर लिए। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह उसके साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगा और लगातार यौन शोषण करता रहा। इस दौरान वह शादी करने का भरोसा भी दिलाता रहा।
पीड़िता के अनुसार, 1 जनवरी 2022 से 5 सितंबर 2025 तक आरोपी ने उसके साथ यौन शोषण किया। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया। शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।