कुरुक्षेत्र। शाहाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय मानसिक और शारीरिक रूप से अक्षम नाबालिग के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कर ली है।
मामले का खुलासा मासूम की सेहत बिगड़ने और उसके निजी अंगों से खून बहने पर हुआ। घबराए परिजनों ने बच्चे के साथ किसी अनहोनी होने के शक में जब गहन पूछताछ की तो मासूम ने आपबीत्तीती सुनाई। मासूम ने अपने गांव के ही एक युवक पर शनिवार को दोपहर दो बजे स्कूल से लौटते समय गांव की धर्मशाला में ले जाकर गलत काम करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के पिता ने बताया कि उनके दो बेटों में से 14 वर्षीय बेटा मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर है और कभी-कभी ही स्कूल जाता है। शनिवार शाम को जब वह अपने काम से घर लौटे तो उनकी पत्नी ने बताया कि बेटे का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और उसके निजी अंगों से खून बह रहा है। बच्चे से पूछताछ करने पर उसने अपने साथ हुए यौन शोषण का खुलासा किया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर थाना शाहाबाद में पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। संवाद