संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राधा-कृष्ण सनातन धर्म महाविद्यालय के राजनीति शास्त्र विभाग के द्वितीय सेमेस्टर के सात विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय जारी परिणामों में टॉप टेन की वरीयता सूची में स्थान प्राप्त किया है। यह अब तक का श्रेष्ठ प्रदर्शन है। इनमें कोमित ने निर्धारित 500 अंकों में से 401 अंक लेकर प्रथम स्थान, काजल एवं मीनू ने 362 अंक प्राप्त कर चौथा, परमजीत ने 361 अंकों के साथ पांचवां, तनूजा ने 356 अंकों के साथ सातवां, अंकिता ने 354 अंकों के साथ आठवां एवं पूजा ने 352 अंकों के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया।
प्रधान प्रबंधन समिति साकेत मंगल एडवोकेट एवं अन्य सम्मानित पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई दी एवं निर्धारित सम्मान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने राजनीति शास्त्र विभाग के सभी प्राध्यापकों को भी बधाई दी। प्राचार्य डॉ संजय गोयल ने उक्त धनराशि इन विद्यार्थियों को प्रदान की।
कोमित को 3100 रुपये एवं अन्य प्रत्येक छात्रा को 2100 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई। गौरतलब है कि कोमित एवं परमजीत ने प्रथम सेमेस्टर में भी वरीयता सूची में स्थान प्राप्त किया था। डॉ. अशोक अत्रि ने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों की यह बहुत अच्छी उपलब्धि है। विद्यार्थियों ने कुविकु में टॉप टेन में स्थान पाकर महाविद्यालय के साथ साथ अपना व अभिभावकों का नाम रोशन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य की उज्जवल कामना की। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. श्रीओम, डॉ. अशोक अत्रि, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. विरेंद्र सिंह, डॉ. विनोद कुमार मान, डॉ. अनुकृति मौजूद रही।