कुलदीप प्रजापति
कैथल। राजकीय स्कूलों में निजी स्कूल की तर्ज पर बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने जिले के सात और स्कूलों को पीएमश्री का दर्जा दिया है। इनमें कैथल, पूंडरी, ढांड, कलायत, राजौंद, पाई, सीवन, गुहला खंड के एक-एक स्कूल शामिल हैं।
पहले चरण में जिले में सात स्कूलों को पीएमश्री का दर्जा दिया गया था। जिले में अब पीएमश्री स्कूलों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। पहले सभी सात खंडों में पीएमश्री स्कूलों की एक-एक संख्या थी, अब सभी खंडों में दो-दो पीएम श्री स्कूलों की संख्या हो गई है। पीएमश्री स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही इन स्कूलों के विद्यार्थियों को हिंदी व अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाई जाएगी। स्कूलों में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ कौशल शिक्षा पर भी जोर दिया जाएगा।
पीएमश्री विद्यालय योजना केंद्र सरकार की योजना है। प्रधानमंत्री मोदी ने दो वर्ष पहले शिक्षक दिवस पर इसे शुरू करने की घोषणा की थी। इसके अंतर्गत दूसरे चरण में निर्धारित मापदंड पूरे करने वाले सात स्कूलों का चयन किया गया है। इनमें पांच राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैं और दो राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। शिक्षा अधिकारियों की मानें तो चालू शैक्षणिक सत्र से ही इन विद्यालयों की शुरुआत की जाएगी। पीएमश्री विद्यालयों में विद्यार्थी ड्रोन, कोडिंग व डेटा एनालिसिस सीखेंगे।
सुविधाएं बढ़ाने के लिए जारी होगा बजट ः पीएम श्री स्कूलों में सुविधाबढ़ाने के लिए अलग से बजट जारी किया जाएगा, जिसमें केंद्र व राज्य सरकार की हिस्सेदारी रहेगी। पीएमश्री विद्यालय के लिए स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। साथ ही, भवन को अपग्रेड किया जाएगा। इसमें स्मार्ट कक्षाएं, कंप्यूटर लैब, प्रयोगशाला, पुस्तकालय व अन्य सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। इन विद्यालयों में सभी संकायों की व्यवस्था की जाएगी।
ये स्कूल बने पीएमश्री
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पबनावा ढांड, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलबेहड़ा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा कैथल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बात्ता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाई, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजौंद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगथली।
जिले के सात और स्कूलों को पीएमश्री का दर्जा दिया है। जिले में अब पीएमश्री स्कूलों की संख्या 14 हो गई है। निदेशालय ने नए शैक्षणिक सत्र से ही दाखिले करने के निर्देश दिए गए हैं। पीएमश्री स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। -बलजीत सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी कैथल।