संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। भाजपा ने कलायत विधानसभा क्षेत्र से सात कार्यकर्ताओं को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति का सदस्य नामित किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
जिन कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनमें कलायत से राजीव राजपूत और रवींद्र धीमान शामिल हैं। इनके अलावा नरेंद्र जुलानीखेड़ा, कृष्ण बालू, अनिल मलिक जाखौली, सुशील पांचाल सिसला और कुलविंद्र राणा बीर बांगड़ा को भी समिति में मनोनीत किया गया है।
सभी नवनियुक्त सदस्यों ने जिला कार्यालय पहुंचकर जिलाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। राजीव राजपूत ने कहा कि यह समिति राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
कलायत विधानसभा से मुख्यमंत्री नायब सैनी की अनुशंसा पर इन सात कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। राजीव राजपूत कलायत मंडल और नरेंद्र जुलानीखेड़ा बालू मंडल के अध्यक्ष हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। नवमनोनीत सदस्यों ने पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर और पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा का भी आभार व्यक्त किया। सम्मान की परंपरा अनुसार सभी नेताओं ने उन्हें बधाई दी।
नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। सभी सदस्यों ने विश्वास दिलाया कि वे नागरिकों की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझकर संजीदगी से समाधान का प्रयास करेंगे।