संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। मिशन बुनियाद के तहत सुपर 100 में खंड राजौंद से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किठाना से दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
खंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड संसाधन संयोजक राजौंद बलबीर कश्यप ने बताया कि बुधवार को मिशन बुनियाद के तहत सुपर 100 का परिणाम घोषित किया। इसमें खंड राजौंद के किठाना के सरकारी स्कूल के विद्यार्थी आयुष व छात्रा मिलन शामिल है। बताया कि इसके अलावा खंड राजौंद के ही दो और बच्चों का चयन हुआ है।
इसमें राजकीय स्कूल सेरधा के छात्र अमन व राजकीय स्कूल बीर बांगड़ा के डिंपल शामिल हैं। बताया कि अब सभी बच्चे पांच जून को कुरुक्षेत्र के बारना में अपने दाखिले के लिए अपने अपने अभिभावकों के साथ जाएंगे।
बलबीर कश्यप ने बताया कि इस सुपर-100 की परीक्षा के तीन चरण होते हैं।
जो पहला चरण पास करता है वह दूसरे चरण में जाता है। जो बच्चा दूसरे चरण की परीक्षा पास करता है वह फिर तीसरे चरण की परीक्षा के लिए जाता है। तीसरे चरण की परीक्षा के बाद ही स्टेट लेवल की मेरिट सूची के अनुसार ही अंतिम चयन होता है।