संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा शिक्षा व केंद्रीय विद्यालय बोर्ड दिल्ली की ओर से 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब कॉलेजों में भी दाखिले का शेड्यूल जारी हो चुका है। इस शेड्यूल के तहत तीन जून से कॉलेजों में स्नातक के प्रथम वर्ष की दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऐसे में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कॉलेजों में हल-चल बढ़ने लगी है।
हर सत्र की तरह इस सत्र में भी जिले के कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार सीटें न होने से विद्यार्थियों को दाखिले के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। क्योंकि इस बार भी जिले के कॉलेज में महज 9500 सीटें ही प्रथम वर्ष के लिए हैं जबकि इस बार भी 12 हजार से अधिक विद्यार्थी 12वीं कक्षा में पास हुए हैं। हालांकि इस सत्र में कई कॉलेजों में प्रोफेशनल कोर्स शुरू होने हैं, लेकिन अभी इसको लेकर कोई नोटिफिकेशन नहीं आया है।
तीन जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी छात्राएं
हरियाणा में 12वीं पास कर चुकी छात्राओं के लिए दाख़िला लेने के लिए इंतजार खत्म हो गया है। कॉलेज में विभिन्न कोर्साें में दाखिला लेने की इच्छुक छात्राएं तीन से 25 जून तक दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के लिए दिए गए लिंक www.admissions.highereduhry.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करे। 26 जून तक छात्राएं अपने आवेदन पत्र की छंटनी कर सकती हैं।
पांच से 28 जून तक कॉलेज द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। 2 जुलाई को प्रोविजनल मेरिट लिस्ट और 3 जुलाई को फाइनल मेरिट लिस्ट डिस्प्ले की जाएगी। पहले राउंड की काउंसलिंग के बाद 4 से 8 जुलाई तक फीस जमा की जा सकेगी। सीटें रिक्त रहने पर दूसरे दौर की काउंसलिंग शुरू होगी । इसके तहत 9 जुलाई को प्रोविजनल मेरिट लिस्ट और 10 जुलाई को फाइनल मेरिट लिस्ट डिस्प्ले की जाएगी।
डॉ. आरती गर्ग, प्राचार्या, आईजी महिला कॉलेज, कैथल।