कैथल। हरियाणा की टीम में चयन के लिए जिले के इनडोर स्टेडियम में हैंडबॉल संघ की ओर से आयोजित शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। इसमें लड़कों की जूनियर राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। टीम में कैथल जिले के दो खिलाड़ियों को भी चयनित किया गया है। लड़कों की टीम मंगलवार को विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) के लिए रवाना हुई।
शिविर में 25 खिलाड़ी भाग ले रहे थे। इनमें से 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता के लिए कैथल से दो खिलाड़ी पंकज और राहुल का चयन हुआ है। इसी तरह जींद और हिसार से छह-छह, जबकि कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, झज्जर और पानीपत से एक-एक खिलाड़ी का चयन हुआ। चयन से पूर्व खिलाड़ियों का इनडोर स्टेडियम में हैंडबॉल एसोसिएशन के जिला सचिव दिलावर सिंह की देखरेख में अभ्यास चल रहा था। इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर खेलने के लिए चुना गया है।
कोच प्रशांत राय ने बताया कि राष्ट्रीय हैंडबाल टीम के लिए चयनित दोनों खिलाड़ी इनडोर खेल स्टेडियम में प्रशिक्षक प्रशांत राय और डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम पदक लेकर आएगी।